फोटो फीचरमुद्दा गरम

जानिए, पैडमैन ने नहीं, तो किसने सेंसर बोर्ड में लटकाई ‘अय्यारी’?

नौ फरवरी यानी कि अगला शुक्रवार, जिस दिन अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पैडमैन’ रिलीज हो रही है, उसी दिन एक और फिल्म रिलीज होने वाली थी। उसका नाम है ‘अय्यारी’। लेकिन अब इसके रिलीज होने की डेट को बढ़ाकर 16 फरवरी कर दिया गया है। इसका मतलब इसे देखने के लिए दर्शकों को अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा।

आप में से अधिकतर लोग यही सोच रहे होंगे कि पैडमैन के रिलीज होने की वजह से इसकी रिलीज को टाल दिया गया, क्योंकि इतने बड़े सुपरस्टार से टकराने की हिम्मत मनोज वाजपेयी की यह फिल्म नहीं कर पा रही थी। लेकिन ऐसा नहीं है। इसकी वजह पैडमैन नहीं है, बल्कि रक्षा मंत्रालय की वजह से फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ी है। बताया जा रहा है कि मंत्रालय ने इसके दृश्यों को लेकर आपत्ति जताई थी।

जब रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने इस फिल्म को देखा, तो उन्हें कई दृश्य ठीक नहीं लगे। इसे लेकर मंत्रालय ने सेंसर बोर्ड के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई। फिल्म के निर्माताओं का कहना है कि कुछ बदलाव की मांग की गई है, जिसे करने के बाद ही हम इसे बोर्ड के समक्ष पेश करेंगे। इसलिए फिलहाल इसकी रिलीज को टाल दिया गया है।

बता दें कि फिल्म ‘अय्यारी’ एक मनोज वाजपेयी, सिद्धार्थ मल्होत्रा, रकुल प्रीत सिंह और पूजा चोपड़ा की फिल्म है। इसमें सेना के दो ऐसे अधिकारियों की कहानी दिखाई गई है, जिनकी विचारधाराएं मेल नहीं खातीं। वे अपने-अपने तरीके से काम करते हैं और कई तरह के निर्णय भी लेते हैं। बाकी चीजें तो अब फिल्म की रिलीज के बाद ही साफ हो पायेंगी।