तो क्या अब पान बेचेंगे मनोज तिवारी?
मनोज तिवारी भोजपुरी फिल्मों के जाने-माने अभिनेता हैं। साथ ही लोकगायक और वर्तमान में दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। अब लंबे समय के बाद वे भोजपुरी फिल्म ‘यादव पान भंडार’ से पर्दे पर लौट रहे हैं।

यह फिल्म श्रीकृष्णा क्रिएशंस के बैनर तले बन रही है। इसका पहला लुक भी जारी हो गया है। तिवारी के मुताबिक वे पांच वर्षों के बाद फिल्मी दुनिया में वापसी कर रहे हैं।

इस फिल्म की कहानी एक पान बेचने वाले के बारे में है। इसमें तिवारी मुख्य भूमिका में दिखेंगे। राजनीति में प्रवेश करने से पहले वे आखिरी बार फिल्म ‘गोबर सिंह’ में दिखे थे।

ज्ञात हो कि भोजपुरी फिल्मों से पहचान हासिल करने वाले मनोज तिवारी हमेशा ही भोजपुरी को आठवीं अनुसूची में शामिल करने के लिए संसद में आवाज भी उठाते रहे हैं।

‘यादव पान भंडार’ का निर्देशन अजय कुमार ने किया है। तिवारी के अलावा फिल्म में गुंजन पंत, संजय पांडेय, बृजेश त्रिपाठी, सीमा सिंह, सीपी भट्ट, नीलिमा सिंह, रीना रानी, विकास सिंह बिरपन्न, विनोद मिश्रा और बालगोविंद बंजारा आदि भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आयेंगे।

भोजपुरी गायक के तौर पर मनोज तिवारी ने अपनी एक अलग ही पहचान बनाई है। बाॅलीवुड फिल्म ‘गैंग्स आॅफ वासेपुर’ में उन्होंने एक लोकप्रिय गीत ‘जिय हो बिहार के लाला’ भी गाया था। तिवारी ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की ओर से क्रिकेट भी खेला है।

