फोटो फीचरसमाचार

बेरोजगारी का आलम, अमिताभ बच्चन भी मांग रहे नौकरी!

अमिताभ बच्चन को नौकरी की जरूरत है। जी हां, बिल्कुल सही सुना आपने। सदी के महानायक ट्विटर पर नौकरी मांगते दिखे हैं। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक जाॅब एप्लीकेशन डाला है।

इसमें अमिताभ ने अपनी उम्र, योग्यता और भाषा की जानकारी दी है। साथ में उन्होंने एक न्यूज की क्लिपिंग भी लगाई है, जिसमें यह छपा है कि दीपिका पादुकोण और कैटरीना कैफ की अधिक लंबाई के कारण फिल्म के निर्माताओं को शाहिद कपूर और आमिर खान जैसे कम कद के अभिनेताओं के साथ कास्ट करने में परेशानी हो रही है।

बिग बी ने ट्वीट किया, ‘जॉब एप्लिकेशन: नाम अमिताभ बच्चन, जन्म तिथि: 11.10.1942, इलाहबाद, उम्र: 76, योग्यता: पिछले 49 साल में लगभग 200 फिल्मों में काम किया, भाषा ज्ञान: हिंदी, अंग्रेजी, पंजाबी और बांग्ला, लंबाई: 6 फीट 2 इंच, उपलब्धि: आपको लंबाई की कोई समस्या नहीं होगी।‘

साफ है कि अमिताभ बच्चन ने इस खबर पर चुटकी लेते हुए और मजाकिया अंदाज में यह ट्विट किया है। अमिताभ के इस ट्विट के सामने आने के बाद उनके फैन्स ने भी इसका पूरा मजा लिया है।
आजकल बिग बी ‘102 नॉट आउट’, ‘ब्रह्मास्त्र’ और ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ में काम कर रहे हैं। वैसे अमिताभ इससे पहले दोनों ही अभिनेत्रियों के साथ काम कर चुके हैं। फिल्म ‘पीकू’ में वे दीपिका पादुकोण के साथ दिखे थे, जबकि साल 2003 में ‘बूम’ के बाद वे ‘ठग्स आॅफ हिंदोस्तान’ में कैटरीना के साथ दिखने वाले हैं।

हालांकि, अमिताभ और साथ ही ऋषि कपूर के फैन्स के लिए खुशखबरी यह है कि सदी के इन दोनों ही महानायकों की जोड़ी एक बार फिर से करीब 27 वर्षों के बाद फिल्म ‘102 नाॅट आउट’ में नजर आने वाली है। सबसे रोचक चीज तो यह है कि इस फिल्म में अमिताभ जहां 102 साल के बुजुर्ग का, वहीं ऋषि कपूर उनके 67 साल के बेटे के किरदार में नजर आने वाले हैं।