समाचारस्टार फैमिली

खुद की छवि कुछ ऐसी मानते हैं संजू बाबा

जिंदगी में बेहद उतार-चढ़ाव देख चुके बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता संजय दत्त की हाल में आई फिल्म ‘संजू’ को दर्शकों ने खासा पसंद किया। देश क्या दुनिया भर में संजय दत्त के करोड़ों चाहने वाले हैं। संजय दत्त वास्तव में किस तरह के इंसान हैं, इस पर संजय दत्त ने खुद से प्रतिक्रिया दी है। वह इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘साहब, बीवी और गैंगस्टर 3’ के प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं।

इसी क्रम में संजय दत्त ने हाल ही में अपने किरदार के बारे में मीडियाकर्मियों से बात की। इस फिल्म में वह एक गैंगस्टर का किरदार निभा रहे हैं। हालांकि, संजय दत्त का मानना है कि वह फिल्मों में जो किरदार निभाया करते हैं, असल जिंदगी में उनकी छवि इन किरदारों से बहुत अलग है। अब सवाल यह उठता है कि आखिर संजय दत्त को यह बताने की जरूरत क्यों आन पड़ी?

हुआ यूं कि किसी ने संजय दत्त से यह कह दिया कि फिल्म के निर्देशक तिग्मांशु धूलिया ने कहा है कि फिल्म में गैंगस्टर का किरदार निभाने के दौरान उन्होंने इसे कैसे निभाना है, यह निर्णय संजय दत्त पर ही छोड़ दिया था। उन्होंने कहा था कि उनकी छवि गैंगस्टर की रही है। इसलिए उन्होंने यह निर्णय उन्हें ही लेने को कहा।

वैसे, दोस्तों संजय दत्त इससे सहमत नहीं दिखे। उन्होंने कहा कि फिल्म के निर्देशक तिग्मांशु धूलिया ने उन्हें जिस तरह से गैंगस्टर का किरदार निभाने को कहा, उन्होंने हू-ब-हू उसी तरीके से इस किरदार को निभाया है। उन्होंने अपनी तरफ से कुछ भी नहीं किया है, क्योंकि असल जिंदगी में उनकी छवि फिल्मों में दिखाई जाने वाली उनकी छवि से बहुत अलग है। असल जिंदगी में संजय दत्त खुद को पर्दे पर उनकी दिखाई जाने वाली छवि से बेहद अलग मानते हैं।

आने वाली फिल्म में अपने किरदार के बारे में संजय दत्त ने कहा कि इसमें जिस चरित्र को मैंने निभाया है, वैसा चरित्र आज तक मैंने किसी भी फिल्म में नहीं निभाया। वास्तव और कांटे में मैंने जिस तरह का अभिनय किया था, इस फिल्म का किरदार उससे बहुत अलग है। इस मूवी में जो गैंगस्टर है, वह एक पढ़ा-लिखा इंसान है, जो कि अपने परिवार से बहुत दूर है, लेकिन उसे अपने जीवन में प्यार की कमी बहुत खलती है।

हाल ही में चित्रांगदा ने एक इंटरव्यू के दौरान यह बताया था कि फिल्म में संजय दत्त के साथ उनका एक सीन भी है, जिसे जानने के बाद वे खुद को बेहद नर्वस महसूस करने लगी थीं, लेकिन जब सेट पर संजय दत्त पहुंचे और इसकी शूटिंग शुरू हुई, तो उनसे ज्यादा संजय दत्त ही शरमाने लगे। चित्रांगदा ने कहा कि संजय तो उनकी आंख-से-आंख भी नहीं मिला पा रहे थे। फिल्म के गाने अभी से बेहद पसंद किए जा रहे हैं। इसमें संजय दत्त के अलावा माही गिल, जिमी शेरगिल, चित्रांगदा सिंह और सोहा अली खान आदि भी प्रमुख भूमिकाएं निभाती हुईं नजर आने वाली हैं।