समाचारसमीक्षा

बाबा के लिए देखी जा सकती है ‘साहब बीबी और गैंगस्टर 3’

तिग्मांशु धूलिया की जिस फिल्म का लंबे समय से दर्शक इंतजार कर रहे थे, वह फिल्म आखिरकार शुक्रवार को रिलीज हो गई। ‘साहब बीवी और गैंगस्टर 3’ से पहले वर्ष 2011 और 2013 में इस सीरीज की दो फिल्में ‘साहब बीवी और गैंगस्टर’ एवं ‘साहब बीवी और गैंगस्टर रिटन्र्स’ रिलीज हुई थीं। उन दोनों फिल्मों को अच्छी कामयाबी मिली थी, जिसके बल पर धूलिया को उम्मीद थी कि इस सीरीज की तीसरी फिल्म भी दर्शकों द्वारा बेहद पसंद की जाएगी।

इस फिल्म की एक खासियत यह है कि इसमें संजय दत्त को भी महत्वपूर्ण भूमिका दी गई है, जिनकी जीवन पर आधारित फिल्म संजू हाल ही में रिलीज हुई है और जिसे दर्शकों से बहुत अच्छी प्रतिक्रिया भी मिली है। जिमी शेरगिल, माही गिल, सोहा अली खान, चित्रांगदा सिंह, दीपक तिजोरी, कबीर बेदी और नफीसा अली भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।

कहानी की बात करें तो इसकी कहानी रानी माधवी देवी के चारों ओर ही घूम रही है। माधवी देवी का किरदार माही गिल ने निभाया है। यह कहना गलत नहीं होगा कि उन्होंने अपने किरदार को इस तरह से निभाया है कि आप फिल्म में बार-बार उन्हें ही देखना चाहेंगे। वैसे, उनकी भूमिका फिल्म में लिखी भी गई है बहुत लंबी।

इसके बाद फिल्म में एंट्री होती है आदित्य प्रताप सिंह की, जिनकी भूमिका जिमी शेरगिल ने निभाई है। उनका राजसी स्टाइल का ठाट-बाट देखते ही बनता है। अपने खोए हुए प्यार को वे कैसे पाते हैं, इसी के इर्द-गिर्द उनके पात्र को फिल्माया गया है। वैसे उन्होंने अपने प्रदर्शन से जीत लिया है।

संजय दत्त इस फिल्म में गैंगस्टर बने हैं। उनके किरदार का नाम कबीर है। देखा जाए तो उन्होंने अपनी भूमिका को अच्छी तरह से समझा है और इसे बखूबी निभाया भी है, लेकिन कहीं-कहीं उनके अभिनय से ऐसा लगता है कि वह गैंगस्टर नहीं, बल्कि अपराधी ज्यादा नजर आ रहे हैं। अपने गुस्से पर उनका नियंत्रण नहीं है और दिल भी उनके अपने बस में नहीं है। यही वजह है कि वह न चाहकर भी बार-बार मुश्किलों में फंस जाते हैं।

चित्रांगदा सिंह, जो कि फिल्म में कबीर की मिस्ट्रेस का किरदार निभा रही हैं, उनकी खूबसूरती देखते ही बनी है। अभिनय की यदि बात करें तो कहीं-ना’कहीं इस बार इसमें थोड़ी कमी रह गई है। यही हाल सोहा अली खान का भी है, जिन्होंने साहब की दूसरी बीवी रंजना का किरदार निभाया है। फिल्म के बाकी कलाकारों का अभिनय सपोर्टिंग भूमिकाओं में ठीक-ठाक रहा है।

वैसे फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर बेहद लाजवाब है। इसमें जगह-जगह आप को हंसाने के लिए कुछ रोचक डायलाॅग्स भी डाले गए हैं। साथ में चित्रांगदा सिंह और माही गिल की खूबसूरती भी देखने लायक है। और सबसे बड़ी बात यह है कि संजय दत्त ने अपने प्रशंसकों को इस बार भी निराश नहीं किया है। वे अपनी भूमिका में खूब जमे हैं।

फिल्म के आइटम नंबर और रोमांटिक गाने भी सुनने लायक हैं। फिल्म की रिलीज से पहले ही इन्हें पसंद किया जाने लगा था। कुल मिलाकर फिल्म की कहानी बेहद रोमांचक है और कलाकारों का अभिनय भी बेहद दमदार है। इसलिए यह फिल्म मनोरंजन के लिए देखी जा सकती है।