वायरल हो रहा है मणिकर्णिका का यह पहला पोस्टर, जंच रही हैं कंगना
कंगना रनौत की अगली फिल्म ‘मणिकर्णिकाः द क्वीन आॅफ झांसी’ का पहला पोस्टर सामने आ गया है। सोशल मीडिया पर यह तेजी से वायरल हो रहा है। पोस्टर को देखकर साफ है कि रानी लक्ष्मीबाई की भूमिका में कंगना बेहद अक्रामक नजर आ रही हैं। उनके चेहरे पर उमड़ रहे भाव और आक्रोश भी देखने लायक हैं।एक मंजा हुआ कलाकार ही ऐसा कर सकता है।

कंगना में घोड़े पर सवार दिख रही हैं। उनके एक हाथ में तलवार नजर आ रही है। युद्ध के मैदान में वे हुंकार भरती हुई दिख रही हैं। घोड़े पर सवार रानी लक्ष्मीबाई यानी कि कंगना की पीठ पर उनका बेटा भी है। पोस्टर बहुत ही दमदार है और कंगना पर रानी लक्ष्मीबाई का यह लुक बहुत जंच रहा है। इस फिल्म का निर्देशन कृष कर रहे हैं। फिल्म में सोनू सूद भी महत्वपूर्ण किरदार निभाते हुए दिखेंगे।

फिल्म की शूटिंग के दौरान भी जब कंगना की तस्वीरें सामने आई थीं, तो उसमें वे सिर पर पगड़ी पहने हुए और हाथों में तलवार लिये हुए एकदम योद्धा की तरह नजर आई थीं। फिल्म की शूटिंग जयपुर, जोधपुर और वाराणसी में भी हुई थी। अंकिता लोखंडे को भी इस फिल्म में कंगना रनौत के साथ देख सकेंगे।

फिल्म का पोस्टर रिलीज होने के साथ ही वायरल हो गया है। इस पोस्टर को आधिकारिक रूप से जारी नहीं किया गया है। सोशल मीडिया पर जो पोस्टर वायरल होता हुआ दिख रहा है, उसमें फिल्म की रिलीज डेट 25 जनवरी, 2019 की दिख रही है। फिल्म की कहानी केवी विजेंद्र प्रसाद ने लिखी है, जबकि गाने लिखने का श्रेय प्रसून जोशी को जाता है।

झांसी की रानी लक्ष्मीबाई एक ऐसी वीरांगना थीं, जो 18 जून, 1858 को ग्वालियर के पास कोटा के एक सराय में अंग्रेजों से लड़ते-लड़ते हुए वीरगति को प्राप्त हुई थीं। कंगना ने उनकी भूमिका को निभाने के लिए बड़ी मेहनत की है। साथ ही फिल्म में कई एक्शन दृश्यों को भी उन्होंने खुद ही किया है। इस दौरान कई बार चोटिल भी हो चुकी हैं, लेकिन झांसी की रानी की तरह ही हिम्मत दिखाते हुए उन्होंने कभी भी हिम्मत नहीं हारी है।

