अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर बाॅलीवुड ने यूं दी श्रद्धांजलि
यकीन करना मुश्किल है कि पूर्व प्रधानमंत्री, प्रखर राजनेता और महान कवि अटल बिहारी वाजपेयी अब हमारे बीच नहीं हैं। इसमें कोई शक नहीं कि उनके इस संसार से विदा लेने के साथ ही एक युग का अंत हो गया। यही वजह है कि उनके निधन से पूरा देश मर्माहत है। दुनिया के भी अन्य हिस्सों से उनके लिए शोक संदेश आ रहे हैं। फिल्मी सितारों ने भी वाजपेयी के निधन ट्विटर पर शोक जताया है और अपनी श्रद्धांजलि दी है।

सुपरस्टार रजनीकांत ने कहा है कि महान राजनेता और आदर्श व्यक्ति श्री अटल बिहारी के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। प्रियंका चोपड़ा ने अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को देश के लिए अतुलनीय करार देते हुए लिखा है कि देश उन्हें हमेशा याद रखेगा। मेरी सांत्वना उनके परिवारवालों के साथ है।

दीया मिर्जा ने लिखा है, ‘भारत की धर्मनिरपेक्षता को कोई चुनौती नहीं दे सकता।’ – अटल बिहारी वाजपेयी। उन्हें सलाम। अस्सी और नब्बे के दशक के दौरान भारत में बड़ा होना कोई कैसे भूल सकता है कि उस वक्त हमारी जिंदगी पर क्या प्रभाव पड़ा था। वे एक महान राजनेता थे। वहीं, वीर दास ने लिखा, चाहे आप उनसे सहमत हों या नहीं हों, मगर उनकी नेतृत्व की क्षमता, उनके विचार और उनकी बोलने की क्षमता का तो सम्मान हर किसी को करना पड़ा।

संजय दत्त ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, वास्तव में हमारे देश के लिए यह बहुत ही बड़ा नुकसान है। हम अटल जी को यह अंतिम सलामी दे रहे हैं। अटल जी हमारे बेहद करीब थे। उनकी विरासत हमेशा याद रहेगी। आपकी इस सेवा के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। मेरी सांत्वना सभी के साथ हैं। बोमन ईरानी ने लिखा कि राजनीति के क्षेत्र में प्यार और सम्मान पाना बड़ा ही दुर्लभ है। अटल जी इन सभी में एकदम दुर्लभ थे। अलविदा अटल बिहारी वाजपेयी।

सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर ने वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ट्विट किया, ऋषितुल्य पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी के स्वर्गवास की वार्ता सुनके मुझे ऐसा लगा जैसे मेरे सिर पर पहाड़ टूटा है, क्योंकि मैं उनको पिता समान मानती थी और उन्होंने मुझे अपनी बेटी बनाया था। मुझे वो इतने प्रिय थे कि मैं उनको दादा कहके बुलाती थी। आज मुझे वैसा दुख हुआ है जैसे मेरे पिता जी के स्वर्गवास के समय हुआ था। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।

