समाचारस्टार फैमिली

…तो वक्त आ गया है प्रियंका के ‘प्रियंका निक जोनास चोपड़ा’ बनने का?

लंबे समय से बाॅलीवुड की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा और अमेरिकी गायक निक जोनास के बीच के संबंधों की चर्चा रही है और पिछले कुछ समय से इन दोनों की सगाई का मुद्दा सुर्खियों में बना रहा है। अब तक निक जोनास अपने मां-बाप के साथ भारत आ चुके हैं और शनिवार यानी कि 18 अगस्त को पार्टी बुला ली गई है, तो इनके फैन्स को अब पूरा यकीन हो गया है कि प्रियंका आधिकारिक रूप से निक जोनास के साथ अपने रिश्ते की घोषणा करने जा रही हैं।

वैसे तो जब तक आधिकारिक रूप से दोनों यह घोषणा नहीं कर देते हैं, तब तक कुछ भी नहीं कहा जा सकता, लेकिन चर्चा तो यही है कि प्रियंका चोपड़ा के जन्मदिन के अवसर पर लंदन में इन दोनों ने सगाई कर ली थी। निक जोनास ने जो अंगूठी प्रियंका चोपड़ा को पहनाई थी, उसकी भी फोटो हाल ही में वायरल हो चुकी है।

बताया जा रहा है कि शनिवार को जो पार्टी रखी गई है, उसमें बाॅलीवुड के चुनिंदा पर्सनालिटी को आमंत्रित किया गया है। इस पार्टी के बारे में कयास लगाये जा रहे हैं कि पार्टी का आयोजन इन दोनों की सगाई को सेलिब्रेट करने के लिए ही रखा गया है। निक जोनास की मां डेनिस और पिता केविन जोनस सीनियर जब मुंबई एयरपोर्ट पर नजर आये थे, तो इनके हाथ में टिफिनी एंड केपनी का एक पैकेट भी नजर आया था।

इस पैकेट के बारे में यह माना जा रहा है कि इसमें प्रियंका चोपड़ा के लिए उपहार हो सकता है। असल में गुरुवार रात को ही निक के मां-बाप यहां पहुंच गये थे। खुद प्रियंका भी एयरपोर्ट गई थीं, लेकिन वे अलग गाड़ी से लौटी थीं। फिर भी इनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थीं। वैसे पिछली बार जब निक जोनास भारत आये थे, तो उस वक्त वे प्रियंका चोपड़ा की मां मधु चोपड़ा से मिले थे।

शनिवार की पार्टी में दोनों परिवार मिलने वाले हैं। ऐसी भी खबरें आ रही हैं कि इस साल के अंत तक प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास विवाह के बंधन में बंध सकते हैं। लंबे वक्त से इनके बीच अफेयर की खबरें आती रही हैं और ये कई मौकों पर साथ देखे गये हैं। फिर भी इन्होंने अपने रिश्ते को छुपा कर ही रखना उचित समझा है और अब इस बारे में कुछ भी कहने से बचते रहे हैं। गौरतलब है कि प्रियंका चोपड़ा के फिल्म ‘भारत’ से अचानक पांव खींचने के पीछे भी उनकी सगाई को ही वजह माना जा रहा था। अब फैन्स को शनिवार की पार्टी का इंतजार है कि क्या प्रियंका चोपड़ा के प्रियंका निक जोनास चोपड़ा बनने की घोषणा हो जाती है?