मुद्दा गरमसमाचार

अमिताभ चाहते हैं कि फिल्मों में नई पीढ़ी हिंदी का अधिकाधिक करे इस्तेमाल

सदी के महानायक यानी कि बिग बी यह मानते हैं कि हिंदी का प्रयोग आज के अभिनेताओं को ज्यादा-से-ज्यादा करना चाहिए। साथ ही उन्हें इस बात की उम्मीद भी है कि आज के समय के अभिनेता हिंदी के महत्व को समझेंगे और इसका अधिक-से-अधिक इस्तेमाल अपनी फिल्मों में करेंगे।

जब एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अमिताभ बच्चन से यह पूछा गया कि क्या आपको लगता है कि आज के फिल्मों में काम करने वाले अभिनेता हिंदी का प्रयोग कम कर रहे हैं और पश्चिम की ओर उनका झुकाव अधिक हो रहा है तो इस पर अमिताभ ने कहा कि वह इस बात से पूरी तरह से सहमत हैं।

बता दें कि अमिताभ बच्चन की पकड़ हिंदी पर बहुत है। वह अपनी फिल्मों में ज्यादातर हिंदी भाषा के शब्दों का ही प्रयोग करते हैं। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति उन्हें रोमन में कुछ लिखकर देता है तो वह उसे उसके पास लौटा देते हैं और उसे देवनागरी लिपि में ही लिख कर देने के लिए कहते हैं।

अपने कौन बनेगा करोड़पति शो के बारे में उन्होंने कहा कि इस शो में भी मैं लोगों को हिंदी बोलने के लिए ही प्रोत्साहित करता हूं। वैसे तो मैं किसी पर इसके लिए दबाव नहीं बनाता, लेकिन फिर भी शो की भाषा हिंदी है और मैं चाहता हूं कि यहां लोग हिंदी का ही प्रयोग करें।