जितेंद्र पर ममेरी बहन ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप, सकते में बाॅलीवुड
प्रख्यात बाॅलीवुड अभिनेता जितेंद्र पर उनकी ही ममेरी बहन ने सेक्शुअल हरासमेंट यानी कि यौन उत्पीड़न का आरोप मढ़ा है। उनकी बहन ने पुलिस में बुधवार को एक शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने इस दिग्गज अभिनेता पर यह आरोप लगाया है कि 47 साल पहले जितेंद्र ने कथित तौर पर उनका यौन शोषण किया था।

जितेंद्र के खिलाफ यह शिकायत हिमाचल प्रदेश के डीजीपी कार्यालय में दर्ज कराई गई है। इसमें बताया गया है कि जब वह 18 और जितेंद्र 28 साल के थे, तब 1971 में यह घटना घटी थी। इस महिला का कहना है कि जितेंद्र उस समय शिमला में शूटिंग कर रहे थे। उन्होंने उनके लिए दिल्ली से शिमला आने की व्यवस्था की और वहां एक होटल रूम में नशे की हालत में उनका यौन शोषण किया।

इतनी देर से इसका खुलासा करने के बारे में उन्होंने बताया कि वे अपने मां-बाप का दिल टूटने से डरती थीं, इसलिए उनकी मौत के बाद उन्होंने इसे दबाना उचित नहीं समझा और अब जाकर शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि इसके कारण वे लंबे अरसे से अकेले ही डिप्रेशन का सामना करती आई हैं।

हालांकि जितंेद्र के वकील रिजवान सिद्दीकी ने अभिनेता पर लगे इस आरोप को बेबुनियाद करार दिया है और इसे उनके खिलाफ एक साजिश बताया है। उनके वकील ने मीडिया को भी हिदायत दे डाली है कि वह इस तरह के निराधार आरोपों को बिल्कुल भी महत्व न दे। यह सब जलन की वजह से विरोधी करते रहते हैं।

फिर भी जितेंद्र पर लगे इन आरोपों से न केवल बाॅलीवुड और उनके प्रशंसक, बल्कि पूरा देश सकते में है। बता दें कि जितेंद्र की उम्र इस वक्त लगभग 76 साल की है। उन्होंने 1964 में वी. शांतराम की फिल्म ‘गीत गाया पत्थरों ने’ से अपने फिल्मी कॅरियर की शुरुआत की थी। मुख्य अभिनेता के तौर पर उन्होंने 200 से भी अधिक फिल्में की हैं। फिलहाल वे बालाजी टेलीफिल्म्स और बालाजी मोशन पिक्चर्स के चेयरमैन भी हैं।

