फोटो फीचरसमाचार

जानिए, ‘पद्मावत’ की कामयाबी को लेकर ये क्या कह गईं दीपिका?

संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ जो बाॅक्स आॅफिस पर अब तक 230 करोड़ रुपये की कमाई के भी आंकड़े को पार कर गई है, वह इसकी मुख्य अभिनेत्री यानी कि रानी पद्मावती का किरदार निभाने वाली दीपिका पादुकोण के कॅरियर की भी सबसे अधिक कमाने वाली फिल्म बन गई है। इसे लेकर दीपिका बेहद उत्साहित हैं।

विदित हो कि सर्वोच्च न्यायालय यानी कि सुप्रीम कोर्ट के इस फिल्म पर प्रतिबंध नहीं लगाने के बाद भी देश के कई राज्यों में इस फिल्म का प्रदर्शन नहीं किया गया। इसके बावजूद दीपिका पादुकोण अभिनीत इस फिल्म का इतनी दूर तक इतनी जल्द पहुंच जाना दीपिका और भंसाली को उत्साहित कर रहा है।

वैसे दीपिका का इस बारे में कहना है कि यह सफलता तो अभी कुछ भी नहीं है। असली जश्न मनाना तो अभी बाकी है। उनकी फिल्म की सफलता की कहानी यहीं नहीं रुकने वाली है।

जिस तरह से इस फिल्म में उनके अभिनय के लिए दीपिका को भंसाली, रणवीर सिंह, शाहिद कपूर एवं कला प्रेमियों व दर्शकों की ओर से प्यार व प्रशंसा मिली है, उसके लिए उन्होंने सभी का आभार भी जताया है। उन्होंने कहा कि है वे इतना प्यार और सराहना पाकर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही हैं।

हाल ही में दीपिका ने इटली के काउंसलेट जनरल की ओर से मुंबई में आयोजित एक पुरस्कार समारोह में हिस्सा लिया और इस दौरान उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि जश्न मनाने का कोई तय समय नहीं होता। फिलहाल तो बहुत कुछ हो रहा है। वैसे फिल्म की सफलता की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है।