यह क्या, मनोरंजक सिनेमा से ऊब क्यों गईं सोनम?
सोनम कपूर ने फिल्म पैडमैन में जो अभिनय किया है, उसके लिए उनकी बड़ी तारीफ हो रही है। खुद सोनम ने कहा है कि आज के मुश्किल दौर में सच्चाई को दर्शाने वाला रोल यदि मिले, तो उसे निभाना बड़ा महत्वपूर्ण होता है।

बता दें कि इससे पहले सोनम ने फिल्म नीरजा में भी बेहतरीन अभिनय का नमूना पेश किया था, जिसके बाद उनकी खूब सराहना हुई थी। उसमें उन्होंने बहादुर नीरजा का किरदार ऐसे निभाया था, जैसे नीरजा खुद जीवित हो गई हो।

सोनम ने नीरजा के निर्दशक राम माधवानी और पैडमैन के निर्देशक आर बाल्की का धन्यवाद करते हुए कहा कि मैं उनके बताये अनुसार ही एक्टिंग करती हूं। नीरजा में मैं मुख्य भूमिका में रही, जब भाग मिल्खा भाग में मेरा छोटा सा किरदार रहा।

सोनम ने कहा, यदि आप देखें तो पैडमैन में मेरा ज्यादा बड़ा किरदार नहीं है, लेकिन मुझे एक महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दे को उठाने का अवसर मिला है। सच कहूं तो अब केवल मनोरंजन करने वाली फिल्में मेरे लिए एकदम खोखली साबित होंगी।

पैडमैन में अक्षय कुमार का साथ देने वाली अभिनेत्री ने कहा कि जिन महिलाओं को मंच मिलता है, उन्हें अपनी समस्याओं के खिलाफ जरूर आवाज उठानी चाहिए। मुझे खुशी है कि मैंने पैडमैन जैसी फिल्म में काम किया है, जो माहवारी और सैनिटरी नैपकीन का मुद्दा उठाती है।

