समाचारसुपर स्टार

इंस्टाग्राम पर 2 करोड़ फाॅलोअर्स वाले पहले भारतीय अभिनेता बने अक्षय कुमार

अक्षय कुमार को यूं ही बाॅलीवुड का खिलाड़ी नहीं कहा गया है। हाल ही में उनकी रिलीज हुई फिल्म गोल्ड को तो जबर्दस्त कामयाबी हाथ लगी ही है, लेकिन साथ ही उन्हें उनके फैन्स की ओर से भी एक बेहद कीमती तोहफा मिला है। तो चलिए अब हम सस्पेंस दूर करते हैं और उस तोहफे के बारे में बता ही देते हैं।

दोस्तों, आपके चहेते मिस्टर खिलाड़ी यानी कि अक्षय कुमार के इंस्टाग्राम पर दो करोड़ से भी अधिक फाॅलोअर्स हो गये हैं। इसके साथ ही वे बाॅलीवुड के पहले ऐसे अभिनेता बन गये हैं, जिनके इंस्टाग्राम पर इतने सारे फाॅलोअर्स हों।

अक्षय कुमार को यह मुकाम हासिल करने के लिए इंस्टाग्राम की ओर से एक स्मृति चिह्न भी भेंट किया गया है, जिसकी फोटो भी उन्होंने अपने फैन्स के साथ शेयर की है। इस उपलब्धि से वे बेहद खुश नजर आ रहे हैं और इस खुशी को उन्होंने साझा भी किया है।

केसरी, हाउसफुल 4 और गुड न्यूज जैसी फिल्मों में आने वाले समय में दिखने जा रहे अक्षय कुमार ने इंस्टाग्राम के स्मृति चिह्न के साथ फोटो पोस्ट करते हुए लिखा कि इंस्टाग्राम की ओर से भी मुझे एक गोल्ड मिला है। मुझे आप सभी को यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि मैं बाॅलीवुड का पहला पुरुष अभिनेता बन गया हूं, जिसके इंस्टाग्राम पर दो करोड़ फाॅलोअर्स हो गये हैं। इतना प्यार देने के लिए सभी का शुक्रिया।

अपनी कई फिल्मों के जरिये देशभक्ति का जज्बा जगा देने वाले और टाॅयलेटः एक प्रेम कथा व पैडमैन जैसी फिल्मों के जरिये समाज की आंखें खोलने की हिम्मत करने वाले इस दिग्गज अभिनेता ने खुद का एक वीडियो भी इंस्टाग्राम पर शेयर किया, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा कि मैं बेहद हैरान हूं कि मैं किस चीज की खुशी मना रहा हूं। आपके साथ यह शेयर करके बड़ी खुशी हो रही है अब इंस्टाग्राम पर मेरा परिवार दो करोड़ लोगों का हो गया है।