फोटो फीचरसमाचार

ऋतिक की ‘सुपर 30’ की शूटिंग का बनारस के रामनगर किले से हुआ आगाज

आनंद कुमार का नाम तो आपने सुना ही होगा। वही आनंद कुमार जो ‘सुपर 30’ के नाम से पटना में वर्षों से बैच चलाकर बच्चों को आईआईटी के लिए प्रशिक्षण देकर हर साल लगभग शत-प्रतिशत बच्चों को आईआईटी में पहुंचा रहे हैं। फैंटम मीडिया प्राइवेट लिमिटेड की ओर से इसी पर एक फिल्म बनाई जा रही है, जिसका नाम है ‘सुपर 30’। इसकी शूटिंग मंगलवार को बनारस के रामनगर किले में शुरू हो गई।

किले के पिछले हिस्से में स्थित व्यास मंदिर के नीचे खिड़किया घाट पर फिल्म के हीरो ऋतिक रोशन के बाॅडी डबल ने सूर्य को अघ्र्य देने का दृश्य शूट करवाया। शूटिंग देखने के लिए बड़ी तादाद में स्थानीय लोग यहां उमड़ गये थे। यहां तो जैसे एकदम मेला सा ही लग गया था।

अपने चहेते स्टार ऋतिक रोशन की एक झलक पाने के लिए भीड़ बेकाबू हुई जा रही थी। वैसे, उनकी यह आकांक्षा दोपहर तक पूरी नहीं हो पाई थी। भीड़ इतनी बढ़ गयी थी कि कई बार प्राइवेट बाउंसर भी भीड़ को खदेड़ते देखे गये। इस दौरान पुलिस को भी भीड़ से निबटने में खूब पसीना बहाना पड़ा। वैसे जो लोग शूटिंग देखने पहुंचे थे, उन्होंने हूटिंग भी कम नहीं की।

पटना में सुपर 30 के बैच में पढ़ाई कर रहे पांच छात्रों को जब इस बात की जानकारी मिली कि ऋतिक बनारस में शूटिंग करने वाले हैं, तो वे भी उनके मिलने के लिए पटना से बनारस आ गये। हालांकि उनकी भी मुलाकात उनसे नहीं हो पाई। वे अपने साथ ऋतिक की सलामती की दुआ करने वाला बैनर भी लेकर आये थे।

अब यहां कुंवर आवास के ऊपर जो बलुआ घाट बना है, वहां भी फिल्म के कई दृश्यों की शूटिंग की जानी है। अब यह देखना बेहद दिलचस्प रहेगा कि यहां इकट्ठा हो गई भीड़ को आखिर पुलिस किस तरह से नियंत्रित कर पाती है, क्योंकि लोग हर हाल में शूटिंग देखना चाहते हैं।

तीसरे दिन की शूटिंग में फिल्म के मुख्य पात्र यानी कि आनंद कुमार को पटना विश्वविद्यालय से डिग्री मिलने के दृश्य की शूटिंग होनी है। इसकी शूटिंग किले में प्रवेश करने के साथ ही प्रशासनिक भवन के ठीक सामने होगी। इसलिए इसे पटना विश्वविद्यालय का ही स्वरूप दे दिया गया है।

वैसे, शूटिंग के अंतिम दिन बलुआ घाट के भी कुछ हिस्सों में कई दृश्यों की शूटिंग होने वाली है। बतौर मुख्य अभिनेता ऋतिक रोशन के साथ शूटिंग में हीरोईन के तौर पर मृणाल ठाकुर की झलक भी लोगों को मिलने वाली है। बीते शनिवार को ऋतिक ने अहरौरा में भी जहां शूटिंग होनी है, अपनी टीम के साथ वहां का भी जायजा लिया था। फिल्म से ऋतिक को ढेर सारी उम्मीदें हैं।