फोटो फीचरसमाचारसमीक्षा

देख ही आइए ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’

फिल्म ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ आखिरकार रिलीज हो गई है। फिल्म का निर्देशन ‘प्यार का पंचनामा’ से लोकप्रिय हुए और हमेशा ही नई तरह की कहानी लेकर आने वाल लव रंजन ने किया है। फिल्म में कार्तिक आर्यन, सनी सिंह, नुसरत भरुचा, आलोक नाथ और दीपिका अमीन की भूमिकाएं तो बस देखते ही बनती हैं।

करीब दो घंटे 20 मिनट की इस फिल्म में कभी भी ऐसा मौका नहीं आता, जब आप इसके किसी भी दृश्य को मिस करना चाहेंगे। दोस्ती और दोस्ती के बीच लड़की, इसी विषय पर आधारित है यह नई फिल्म। इसकी खासियत हालांकि यह है कि इस विषय पर बनी अब तक की बाकी फिल्मों से यह कई मायने में अलग है और जरूर देखने लायक है।

लव रंजन के कमाल के निर्देशक हैं। पुराने विषय को भी नई कहानी और नये अंदाज में कैसे पेश किया जाए, यह तो कोई उनसे ही सीखे। रोमांस और ब्रोमांस का संतुलन इस फिल्म में कुछ इस अंदाज में आपको देखने को मिलेगा कि आपका दिल बाग-बाग हो जायेगा।

फिल्म की कहानी की बात करें, तो इसमें टीटू (सनी सिंह) और सोनू (कार्तिक आर्यन) बड़े अच्छे दोस्त हैं। टीटू का बार-बार लड़कियों के चक्कर में दिल टूटता है और सोनू हमेशा उसे रोने के लिए कंधा देता है। असल में सोनू की मां बचपन में ही गुजर गई थी, इसलिए वह टीटू के यहां ही पला-बढ़ा है और इसी परिवार को अपना सबकुछ मानता है।

टीटू के परिवार में उसके दादा घसीटे (आलोकनाथ), दादी, मम्मी-पापा के अलावा मामा (वीरेंद्र सक्सेना) भी हैं। बार-बार प्यार में दिल तुड़वाने के बाद टीटू इस बार शादी का फैसला कर ही लेता है। उसके लिए स्वीटी (नुसरत भरुचा) का रिश्ता आता है, मगर टीटू को लगता है कि कोई लड़की इतनी ज्यादा अच्छी कैसे हो सकती है? कहीं वह केवल दिखावा तो नहीं कर रही है? आगे की कहानी जानने के लिए आपको यह फिल्म देखनी पड़ेगी।

निर्देशक ने फिल्म में काॅमेडी में कोई कसर नहीं छोड़ी है। हर बार की तरह इस बार भी उनकी यह फिल्म बिल्कुल पुरुषों के ही नजरिये बनी हुई है और इसमें हीरोईन को ही हीरो पर भारी या फिर हीरों पर जुल्म ढाते हुए दिखाया गया है। कुछ इस अंदाज में उन्होंने कहानी को पेश किया है, इसे देखकर आपका दिन जरूर बन जायेगा।

फिल्म के सभी किरदारों ने अपने अभिनय से कहानी को ऐसा बना दिया है, जैसे कि सबकुछ सच में असलियत में आपकी आंखों के सामने घटित हो रहा हो। वैसे स्वीटी की भूमिका में नुसरत ने कार्तिक को बढ़िया टक्कर दी है। टीटू की भूमिका में सनी सिंह बड़े मासूम लगे हैं। वीरेंद्र सक्सेना, दीपिका अमीन आदि ने भी बढ़िया अभिनय किया है। हालांकि, आलोकनाथ इस बार कुछ अलग ही मिजाज में दिखे हैं।

म्यूजिक के मामले में भी फिल्म शानदार है। ‘स्वीटी स्लोली’, ‘दिल चोरी’ और ‘तेरा यार हूं मैं’ जैसे गाने न केवल आपका मन मोह लेंगे, बल्कि आपको थिरकने पर भी मजबूर कर देंगे। बड़े पर्दे पर इस फिल्म को देखना आपके लिए किसी सौगात से कम नहीं होगा। तो देर किस बात की, जाइए और देख आइए एक शानदार फिल्म, जिसे आप लंबे समय तक याद रखेंगे।