फोटो फीचरसमाचार

सात दिसंबर को ये कहेंगे ‘नमस्ते इंग्लैंड’

आखिरकार यह पता चल ही गया है कि ‘नमस्ते इंग्लैंड’ कब रिलीज होने वाली है। फिल्म ‘इश्कजादे’ के बाद अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा की यह जोड़ी फिर से साथ में इसी साल 7 दिसंबर को नजर आयेगी, जब इनकी फिल्म ‘नमस्ते इंग्लैंड’ रिलीज होगी।

फिल्म के निर्माताओं ने शनिवार को न केवल फिल्म का रिलीज डेट जारी कर दिया, बल्कि उन्होंने फिल्म का पोस्टर भी जारी कर दिया है। पोस्टर में अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा की यह जोड़ी चुलबुली मुस्कान के साथ नजर आ रही है।

वैसे तो फिल्म के बारे में पहले यह बताया जा रहा था कि फिल्म अगस्त में रिलीज हो सकती है, लेकिन फिल्म की शूटिंग और इससे जुड़ी अन्य चीजों की वजह से इसकी कन्फर्म रिलीज डेट के बारे में कुछ भी नहीं बताया जा रहा था।

आखिरकार जब यह फाइनल हो ही गया है कि फिल्म इसी साल सात दिसंबर को रिलीज होगी, तो अब अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा को फिर से साथ में देखने को बेताब उनके प्रशंसकों ने राहत की सांस जरूर ली होगी।

फिल्म का जो पोस्टर जारी हुआ है, उसमें परिणीति एकदम देसी लुक में नजर आ रही हैं। उन्होंने पटियाला सूट पहन रखा है और अर्जुन के साथ हवाई जहाज पर बैठी हैं।

‘नमस्ते इंग्लैंड’ का निर्देशन जाने-माने निर्देशक विपुल अमृतलाल शाह कर रहे हैं। यह फिल्म रोमांटिक होने के साथ-साथ काॅमेडी से भी भरपूर होने वाली है।

इस मूवी में परिणीति चोपड़ा जहां जसमीत का किरदार निभाते हुए नजर आने वाली हैं, वहीं अर्जुन कपूर परम का रोल करते नजर आयेंगे। दोनों की प्रेम कहानी फिर से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करने वाली है।

भारत और यूरोप में फिल्म की शूटिंग होनी है। कहानी की शुरुआत अमृतसर और लुधियाना से होगी। यहां से यह ढाका पहुंचेगी। जहां इसका एक हिस्सा बेल्जियम के ब्रसेल्स में फिल्माया जायेगा, वहीं इसके आखिरी हिस्से की शूटिंग लंदन में होगी।

इस फिल्म से पहले विपुल शाह अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ को लेकर ‘नमस्ते लंदन’ भी बना चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने कमांडो और फोर्स 2 जैसी सुपरहिट फिल्में दी हैं। वैसे इस फिल्म को नमस्ते लंदन का ही सीक्वल बताया जा रहा है।