‘मुश्किल’ की शूटिंग के दौरान ये किस मुश्किल में फंसे कुणाल?
कुणाल राॅय कपूर काफी समय के बाद फिल्म ‘मुश्किल’ से वापसी कर रहे हैं। इसकी शूटिंग पिछले दिनों ग्रीस में में चल रही थी। कुणाल कपूर ने रजनीश दुग्गल के साथ मिलकर यहां पहले दौर की शूटिंग पूरी भी कर ली है।

असल में ग्रीस का मौसम कुछ ज्यादा ही ठंडा था। यूं कह सकते हैं कि ‘मुश्किल’ की शूटिंग के दौरान शूटिंग की शुरुआत की कुणाल के लिए बड़ी मुश्किल रही। इसके बारे में कुणाल ने एक बयान भी जारी किया है।

उन्होंने कहा है कि शूटिंग का पहला दौर ग्रीस में चल रहा था। यहां कुछ ऐसी चीजें घटीं, जिनके लिए हम पहले से तैयार नहीं थे। यहां तामान भी शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया था। ऐसे में स्थिति विकट थी, मगर प्रोडक्शन टीम के साथ मिलकर हमने शूटिंग समय पर पूरी कर ही ली।

असल में यह फिल्म चार लड़कियों के बारे में है, जो मुंबई में रहती हैं। फिर एक दिन कुछ ऐसा घटता है कि इनकी जिंदगी करवट बदल लेती है। इस तरह से बदल जाती है इनकी जिंदगी। ये लोग घूमने के लिए ग्रीस पहुंचते हैं। यहां इन्हें एक गाइड मिलता है। वह इन चारों को पूरे शहर की सैर कराता है।

घूमने के दौरान ये लड़कियां एक ऐतिहासिक किले में पहुंच जाती हैं। यहां कुछ अलग तरह की परिस्थितियां पैदा हो जाती हैं, जिन पर इनका कोई नियंत्रण नहीं होता। इसकी वजह से इनकी जिंदगी फिर बदलती है। कह सकते हैं कि यह फिल्म सुपरनेचुरल घटनाओं पर आधारित है।
कुणाल की मानें तो मुश्किल दर्शकों को बहुत पसंद आने वाली है। उनका कहना है कि उनकी हमेशा से ही साइकोलाॅजिकल थ्रिलर और हाॅरर विषयों में रुचि रही है। वे इस चीज में डूबे भी रहते थे। इसलिए उन्होंने इस फिल्म को करने का फैसला कर लिया।

