देसी गर्ल के ‘भारत’ छोड़ने के बाद, कैट को मिली एंट्री
सलमान खान की अगली फिल्म ‘भारत’ को लेकर चर्चाओं का बाजार लगातार गर्म बना हुआ है। फिल्म लगातार सुर्खियां बटोर रही है। इसकी वजह यह है कि देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा जो कि इस फिल्म में सलमान खान के साथ लीड भूमिका में नजर आने वाली थीं, उन्होंने इस फिल्म को अचानक से छोड़ कर सबको हैरान कर दिया। ऐसी खबरें भी आ रही थीं कि उन्होंने अपने ब्वॉयफ्रेंड निक जोनास से सगाई करने की वजह से ऐसा किया है।

ऐसे भी बड़ा सवाल यह पैदा हो गया था कि आखिर प्रियंका चोपड़ा के भारत छोड़ने के बाद फिल्म में लीड भूमिका किसे दी जाएगी। इसे लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं और कई नाम भी सामने आ रहे थे, लेकिन अब इस रहस्य से पर्दा उठ गया है। प्रियंका चोपड़ा की जगह कोई और नहीं, बल्कि कैटरीना कैफ ले रही हैं।

खबर बिल्कुल पक्की है, क्योंकि खुद भारत के निर्देशक अली अब्बास जफर ने इसकी आधिकारिक रूप से घोषणा कर दी है। इसका मतलब साफ है कि उन्होंने एक बड़ी अभिनेत्री के फिल्म छोड़ने के बाद उसकी जगह पर एक और बड़ी अभिनेत्री को फिल्म के लिए साइन कर लिया है। बता दें कि फिल्म के निर्देशक प्रियंका चोपड़ा के इस तरह से अचानक फिल्म को छोड़ने की वजह से खुश नहीं थे। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान अपनी नाखुशी भी जताई थी।

स्क्रीन पर सलमान खान और कैटरीना कैफ की जोड़ी हमेशा से ही खूब जमती आई है। दोनों के बीच की केमिस्ट्री से कोई भी अपरिचित नहीं है। इससे पहले दोनों अंतिम बार पिछले साल रिलीज हुई फिल्म टाइगर जिंदा है में साथ नजर आए थे। इसमें ना केवल सलमान खान, बल्कि कैटरीना कैफ के भी एक्शन दृश्यों की खूब तारीफ हुई थी।

आपकी जानकारी के लिए आपको बता दें कि पिछली फिल्म टाइगर जिंदा है का भी निर्देशन इसी फिल्म के निर्देशक अली ने किया था। ऐसे में फिर से इन दोनों के साथ में काम करने को लेकर वे बेहद उत्साहित भी नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा, मैं भारत में सलमान और कैटरीना के साथ एक बार फिर से काम करने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। मैंने पहले भी दोनों के साथ काम किया है और एक बार फिर से दोनों के साथ काम करना मजेदार होगा।

सलमान और कैटरीना की जोड़ी हमेशा से ही फिल्मों में बड़ी फेमस रही है। साल 2005 में फिल्म मैंने प्यार क्यों किया आई थी, जिसमें ये दोनों पहली बार स्क्रीन पर रोमांस करते हुए नजर आए थे। इसके बाद इन दोनों ने पार्टनर, युवराज, एक था टाइगर और फिर टाइगर जिंदा है में भी एक साथ काम करके दर्शकों का दिल जीत लिया। इस तरह से भारत इन दोनों की साथ में पांचवी फिल्म होगी।

फिल्म की शूटिंग जल्द ही शुरू होने वाली है। यह फिल्म अगले साल ईद के मौके पर रिलीज होगी। फिल्म को लेकर फिल्म के निर्देशक बड़े उत्साहित हैं। टाइगर जिंदा है के बाद से अली से दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। भले ही प्रियंका चोपड़ा इस फिल्म से हट गई हैं, लेकिन उनकी जगह कैटरीना कैफ को लिए जाने के बाद एक बार फिर से सलमान और उनकी जोड़ी के जरिए दर्शक मनोरंजन की बड़ी उम्मीदें लगा रहे हैं।

