फोटो फीचरसमाचार

प्रियंका ने जिसके लिए छोड़ा ‘भारत’, अब उसका ही ठिकाना नहीं

प्रियंका चोपड़ा दोस्तों इन दिनों कई वजहों से लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। खुद से दस साल छोटे अमेरिकी गायक निक जोनास के साथ अपने रिलेशनशिप और उनके साथ सगाई को लेकर बार-बार उनका नाम सामने आ रहा है। एक और अहम चीज यह भी है कि उन्होंने सलमान खान की फिल्म ‘भारत’ को बीच में ही छोड़ दिया है। साथ ही वे फरहान अख्तर के साथ फिल्म ‘द स्काई इज पिंक’ में काम करने के लिए तैयार हो गई हैं।

खबर यह है कि जिस हॉलीवुड फिल्म के लिए प्रियंका ने ‘भारत’ छोड़ा, अब उसकी शूटिंग अनिश्चितकाल के लिए आगे बढ़ गई है। प्रियंका चोपड़ा और क्रिस प्रैट की फिल्म ‘काउबॉय निंजा वाइकिंग’ की शूटिंग अब कब शुरू होगी, यह निर्धारित नहीं है। वेबसाइट ‘वेराइटी डॉट कॉम’ के मुताबिक यूनिवर्सल पिक्चर्स ने फिल्म के शेड्यूल को समाप्त कर दिया है। अगले साल 28 जून को इस फिल्म को रिलीज होना था।

वैसे राहत की बात यह है कि सूत्रों के अनुसार इस फिल्म पर काम पूरी तरह ठप नहीं पड़ा है। बात दरअसल यह है कि 28 जून की डेडलाइन को शायद पूरा नहीं किया जा सकता था, इसलिए इसमें देर कर दी गयी है। इसके प्रोडक्शन के शेड्यूल के अनुसार फिल्म की रिलीज की तारीख फिर तय की जायेगी।

इस बीच प्रियंका चोपड़ा ने फरहान अख्तर और जायरा वसीम के साथ सोनाली बोस की द स्काई इज पिंक की शूटिंग में हिस्सा लेना शुरू कर दिया है। यह पूरी तरह से एक असली कहानी पर आधारित फिल्म है। इसकी शूटिंग मुंबई, दिल्ली, लंदन और अंडमान में होगी। प्रियंका के मुताबिक उन्हें पूरी उम्मीद है कि वे इस फिल्म में खो जायेगी। इसकी वजह यह है कि यह उनके लिए बड़ी खास है। इसे पढ़ते के साथ ही उन्हें एहसास हो गया था कि वे इसका हिस्सा जरूर बनेंगी।

सलमान के बयान से साफ हो गया था कि उन्हें बहुत बुरा लगा है। उन्होंने कहा था, ‘जो भी वजह रही हो। चाहे शादी या पिक्चर या फिर उनको भारत में नहीं काम करना या मेरे साथ नहीं। हो सकता है कि वे केवल हाॅलीवुड फिल्म और टीवी शो करना चाहती हैं। ये उनकी वजहें हैं। हम फिर भी उनके लिए खुश हैं और उनके साथ हैं। यदि वह यहां काम नहीं कर रहीं तो क्या हुआ, वहां तो वे हिंदुस्तान का नाम रोशन कर ही रही हैं। वे सलमान के साथ काम नहीं करके वहां के किसी बड़े हीरो के साथ काम कर रही हैं, तो हिंदुस्तान का नाम तो रोशन हो ही रहा है न।’ इस बयान से साफ है कि सलमान यानी कि भाईजान से देसी गर्ल ने कितनी बड़ी दुश्मनी मोल ले ली है।