चीन में शुरू होगी ‘बागी 3‘ की शूटिंग
जैकी श्राफ के बेटे टाइगर श्राफ की बागी तो आपने देखी ही होगी। उनकी अगली फिल्म ‘बागी 2’ भी 30 मार्च को रिलीज के लिए तैयार है, लेकिन उससे पहले निर्देशक साजिद नाडियाडवाला ने घोषणा कर दी है कि ‘बागी 3’ की शूटिंग इस साल दिसंबर से शुरू कर दी जायेगी।

फिल्म ‘बागी 2’ फाॅक्स स्टार स्टूडियोज की ओर से नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी है। फिल्म ‘बागी 3’ की शूटिंग की घोषणा नाडियाडवाला ग्रैंडसन के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से की गई है।

ट्विटर पर किये गये पोस्ट में लिखा गया है, ‘हमारा उत्साह तीन गुना बढ़ गया है। टाइगर श्रॉफ अभिनीत और अहमद खान निर्देशित साजिद नाडियाडवाला की ‘बागी’ सीरीज की तीसरी फिल्म की घोषणा करने को लेकर हम बेहद रोमांचित हैं।’

बताया गया है कि फिल्म ‘बागी 3’ के पहले चरण की शूटिंग दिसंबर में चीन से शुरू होगी। बाद में इसकी शूटिंग जापान में भी होगी। फिल्म के बारे में साजिद ने कहा कि ‘बागी 2’ हम सबके लिए एक लाभ पहुंचाने वाला सफर और बड़ा ही खूबसूरत अनुभव भी रहा है। ‘बागी 3’ में दिखाने के लिए हमारे पास एक बेहतरीन कहानी भी है।

फिल्म ‘बागी 2’ का ट्रेलर बुधवार को रिलीज होने जा रहा है। इस फिल्म में दिशा पटानी भी नजर आने वाली हैं। बताया जा रहा है कि इस फिल्म में जैकलिन फर्नांडीस माधुरी के प्रसिद्ध गाने ‘एक दो तीन’ पर डांस करती भी नजर आने वाली हैं।

बागी सीरीज की पहली फिल्म ‘बागी’ वर्ष 2016 में रिलीज हुई थी। इसमें टाइगर श्राफ और श्रद्धा कपूर मुख्य भूमिकाओं में दिखे थे। साजिद ने एक बयान में कहा, ‘बागी 2’ की ट्रेलर रिलीज से पहले ही फिल्म ‘बागी 3’ की घोषणा करके मैं बेहद खुश हूं।’

