फोटो फीचरसमाचार

इन्हें सबसे ज्यादा इंतजार है सोनाक्षी की ‘हैप्पी फिर भाग जायेगी’ की रिलीज का

सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म ‘हैप्पी फिर भाग जायेगी’ दोस्तों अब रिलीज के लिए तैयार है। इस शुक्रवार फिल्म रिलीज होने जा रही है। इसे लेकर सोनाक्षी बड़ी उत्साहित नजर आ रही हैं। यह फिल्म उनकी पिछली फिल्म ‘हैप्पी भाग जायेगी’ का ही सीक्वल है।

फिल्म में लीड रोल निभा रही सोनाक्षी सिन्हा ने कहा है कि उनके पिता शत्रुघ्न सिन्हा, जो खुद भी अपने जमाने के सुपरस्टार रहे हैं, वे इस फिल्म को देखने के लिए बड़े ही उतावले हैं और इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसकी वजह यह है कि फिल्म के निर्देशक मुदस्सर अजीज ने उन्हें बड़ा प्रभावित किया है।

सोनाक्षी ने यह बात संवाददाताओं के साथ बातचीत के दौरान कही है। उनसे जब यह पूछा गया कि फिल्म के ट्रेलर को देखकर उनके पिता ने किस तरह से प्रतिक्रिया दी थी, उन्होंने कहा कि जब मैंने उन्हें अपनी इस फिल्म का ट्रेलर दिखाया, तो उन्होंने पहले भाग के बारे में भी जाना, क्योंकि उन्होंने वह फिल्म नहीं देखी थी।

अपनी प्रतिभा के दम पर खास पहचान बना चुकी और दबंग में भी सलमान खान के साथ अपना लोहा मनवा चुकीं सोनाक्षी ने कहा कि फिल्म के ट्रेलर को देखकर उनके पिता इतने प्रभावित हो गये कि उन्होंने फिल्म के निर्देशक मुदस्सर अजीज को घर पर खाने पर आमंत्रित कर लिया।

उन्होंने निर्देशक के साथ काॅफी की और कई चीजों पर चर्चा भी की। उन्होंने ट्रेलर की बड़ी तारीफ की। सोनाक्षी ने कहा कि हैप्पी फिर भाग जायेगी को लेकर लोगों के बीच इंतजार का माहौल है, ऐसे में फिल्म की सफलता की पूरी गुंजाईश है। फिल्म में डायना पेंटी, जिम्मी शेरगिल, अली फजल और जस्सी गिस की भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं हैं। फिल्म की टक्कर एक्शन मूवी जीनियस से होने वाली है, जो भी इसी दिन रिलीज हो रही है।