समाचार

मोदी के स्वच्छ भारत मिशन से जुड़ीं अनुष्का शर्मा

31 जनवरी। फिलिमची समाचार। विद्या बालन के बाद अब ख़ूबसूरत अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भी लोगों को साफ़-सफ़ाई के प्रति जागरूक करने का काम करेंगी। केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय ने उन्हें स्वच्छ भारत अभियान का ब्रांड एम्बेसडर बनाया है। मंत्रालय को लगता है कि अनुष्का के इस मुहिम में जुड़ने से महिलाओं में स्वच्छता और ख़ास कर शौचालय के महत्व के प्रति जागरूकता फैलेगी। ख़बरों के मुताबिक अनुष्का ने इस अभियान से संबंधित दो वीडियो शूट भी कर लिए हैं।

ग़ौरतलब है कि स्वच्छ भारत अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है और अनुष्का से पहले अभिनेत्री विद्या बालन भी ग्रामीण महिलाओं में साफ़-सफ़ाई के प्रति जागरूकता फैलाने की इस मुहिम से जुड़ी हुई हैं। कई विज्ञापनों में वह महिलाओं के लिए शौचालयों की ज़रूरत और सरकार की योजनाओं के बारे में बताती नज़र आती हैं।

28 साल की अनुष्का इन दिनों बॉलीवुड की टॉप हीरोइनोंं में गिनी जाती हैं। अपनी पहली ही फिल्म ‘रब ने बना दी जोड़ी’ में उन्हें शाह रुख़ ख़ान जैसे बड़े स्टार के साथ काम करने का मौका मिला। इसके बाद 2010 में रिलीज़ हुई उनकी फिल्म ‘बैंड बाजा बारात’ से उनका ग्राफ काफ़ी तेज़ी से ऊपर बढ़ा। ‘बदमाश कंपनी’, ‘मटरू की बिजली का मंडोला’, ‘पीके’, ‘एनएच-10’, ‘बॉम्बे वेलवेट’ आदि उनकी अन्य सफ़ल फिल्में रहीं। हाल में अपनी दो सुपरहिट फिल्मों ‘सुल्तान’ और ‘ऐ दिल है मुश्किल’ की वजह से उनका जलवा बरकरार है।